विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर जिले में सोमवार की रात एक अधबने मकान की निर्माणाधीन छत अचानक ढह गई।जिसकी चपेट में आकर मलबे में आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर दब गए। जबतक उन्हें बाहर निकाला जाता, तीन की मौत हो गई। जबकि चार मजदूरों को गंभीर अवस्था में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
ये हादसा सुल्तानपुर के लंभुआ थानांतर्गत धरियामऊ गांव में हुआ।जहां पर रामप्रकाश धूरिया का पक्का मकान बन रहा था। रात में छत की ढलाई का काम चल रहा था। ग्रामवासियों के अनुसार, मकान की छत ढलाई का काम पूरा होने के बाद मजदूर शटरिंग हटाने की तैयारी कर रहे थे। तभी शटरिंग अचानक ढीली पड़ गई और पूरा ढांचा नीचे आ गिरा। सात मजदूर छत के नीचे दब गए। ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और चार लोगों को किसी तरह जीवित बाहर निकाल लिया।
मलबे में दबे तीन मजदूरों को निकालने में स्थानीय प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। लगभग आधी रात के बाद टीम ने गैस कटर की मदद से गीले सीमेंट और शटरिंग काटकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान अर्जुनपुर गांव के रहने वाले दो सगे भाइयों आनंद और विक्रम तथा हिमांशु सरोज के रूप में हुई है। मृतकों की शिनाख्त लंभुआ अर्जुनपुर निवासी आनंद और विक्रम पुत्रगण गिरजा शंकर और इसी गांव के हिमांशु पुत्र हरचरण सरोज के रूप में हुई है। जबकि सुभाष (३६) पुत्र बैताली, अफसर (४०) पुत्र समीउल्लाह, रवि सरोज (२६) पुत्र महेंद्र सरोज और अरुण चौहान (२५) पुत्र काशीराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से अर्जुनपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे गांव में लोग घटनाक्रम से स्तब्ध हैं।
