राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर जोन में खनन निरीक्षक पर गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रकों से अवैध वसूली का आरोप लगा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। करछना, मेजा, बारा और कोरांव क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। उनका आरोप है कि खनन निरीक्षक अपने निजी गार्ड और एजेंटों के साथ मिलकर ट्रकों से अवैध वसूली कर उन्हें पास कराता है। बारा के धर्मेंद्र कुमार, कोरांव के नीतीश मौर्य, करछना के विनीत उपाध्याय और मेजा के कौशल वर्मा सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खनन निरीक्षक वैभव सोनी अपने निजी गार्ड अजय मिश्रा और एजेंट सुधांशु पटेल व शीलू पटेल के साथ वसूली में लिप्त हैं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा और उप निदेशक कृषि पवन कुमार विश्वकर्मा की दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इस कमेटी को दो हफ्ते में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खनन निरीक्षक वैभव सोनी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि नैनी के मड़ौका में सीज बालू ले जाने के विवाद को आधार बनाकर उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं।
