मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर मनपा चुनाव २०२६... पोलिंग बूथ, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों में...

मीरा-भायंदर मनपा चुनाव २०२६… पोलिंग बूथ, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों में जैमर लगाएं!.. मनसे की चुनाव आयोग से मांग

सुरेश गोलानी / मुंबई

मनसे ने १५ जनवरी को होने वाले मीरा-भायंदर मनपा चुनाव के लिए ईवीएम वाले स्ट्रांग रूम, पोलिंग बूथ और मतगणना केंद्रों में मोबाइल जैमर लगाए जाने की मांग की है। जिलाधिकारी, ठाणे और चुनाव आयोग को लिखे अपने पत्र में मनसे शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने ईवीएम में छेड़छाड़ होने का संदेह जताते हुए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता के हित में अपनी मांग पर विचार करते हुए जैमर स्थापित करने का आग्रह किया है।
राणे ने लोकसभा और विधानसभा की तर्ज पर मनपा चुनावों में भी वीवीपीएटी व्यवस्था करने पर जोर दिया है। पारदर्शिता के अलावा यह व्यवस्था इसलिए भी अहम है कि किसी तरह का विवाद होने पर ईवीएम में पड़े वोट के साथ पर्ची का मिलान किया जा सके। राणे ने कहा कि ‘ईवीएम मशीन की गोपनीयता व विश्वसनीयता पर पूरे देश में सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में यदि मनपा चुनावों में जैमर और वीवीपैट वोटिंग मशीन का उपयोग होता है तो न सिर्फ चुनाव प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि चुनाव के बाद पैदा होनेवाले विवादों को निपटाने में आसानी होगी।
हालांकि, चुनाव आयोग हाई कोर्ट को दिए अपने हलफनामे में वीवीपीएटी की डिजाइन समस्या और कानून में इसके उपयोग का प्रावधान न होने का हवाला देते हुए इस मांग को पहले ही खारिज कर चुका है। आयोग के अनुसार, संसदीय और विधानसभा क्षेत्र के चुनाव एकल-सदस्य, एकल-पद चुनाव होते हैं, जहां मतदाता द्वारा केवल एक ही उम्मीदवार को चुना जाता है, जबकि स्थानीय निकाय चुनावों में उपयोग होने वाली बहु-सदस्यीय, बहु-पद ईवीएम के लिए वीवीपीएटी के डिजाइन और निर्माण की व्यवहार्यता एक मुश्किल काम है।
चुनाव अधिकारी का कहना है
आयुक्त तथा चुनाव अधिकारी राधाबिनोद शर्मा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का एक महापर्व है जिसमें निष्पक्षता और पारदर्षता का पुरा ध्यान रखा जा रहा है। बता दें कि ९५ सीटों वाली मीरा भायंदर मनपा सहित महाराष्ट्र की २९ मनपाओं के चुनाव १५ जनवरी, २०२६ को एक ही चरण में होने वाले हैं।

अन्य समाचार