मुख्यपृष्ठनए समाचारएमएमआरडीए का कारनामा काम रेंग रहा, प्रचार दौड़ रहा!

एमएमआरडीए का कारनामा काम रेंग रहा, प्रचार दौड़ रहा!

सामना संवाददाता / मुंबई

-ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन का १२ प्रतिशत काम भी पूरा नहीं
-एमएमआरडीए उपलब्धियों का बजा रहा ढिंढोरा
-३,१४० करोड़ का प्रोजेक्ट, प्रगति सिर्फ ११.७३ प्रतिशत

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने छेड़ा नगर (घाटकोपर) से आनंद नगर (ठाणे) तक बन रहे १३.९ किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन (ईएफई) परियोजना में दो विशाल स्टील ट्रस लगाने को बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचार शुरू कर दिया है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि करीब ३,१४० करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी इस महत्वाकांक्षी परियोजना की भौतिक प्रगति अभी केवल ११.७३ प्रतिशत है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब परियोजना शुरुआती चरण में ही अटकी है, तब एमएमआरडीए निर्माण की छोटी-छोटी उपलब्धियों का उत्सव मनाने में क्यों व्यस्त है?
एमएमआरडीए के अनुसार, ५९-५९ मीटर लंबे और १६०-१६० टन वजनी दो मुख्य स्टील ट्रस महज चार घंटे में स्थापित किए गए। इसके बाद १,६३२ प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट लगाने का काम शुरू होगा। हालांकि, परियोजना में अभी भी भू-तकनीकी जांच, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पिलर और पियर कैप निर्माण जैसे अहम कार्य जारी हैं। वित्तीय प्रगति भी केवल १०.७३ प्रतिशत तक ही पहुंच सकी है।
करीब २,६८२ करोड़ रुपए की मूल लागत वाला यह प्रोजेक्ट अब बढ़कर लगभग ३,१४० करोड़ रुपए तक पहुंचने की संभावना है। यानी लागत में करीब ४५८ करोड़ रुपए की बढ़ोतरी का अनुमान है।
रोज जाम में फंस रहे लाखों वाहन चालक
एमएमआरडीए का दावा है कि छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद दक्षिण मुंबई से ठाणे का सफर केवल २५ से ३० मिनट में पूरा होगा। लेकिन फिलहाल ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर निर्माण कार्य के कारण रोजाना लाखों वाहन चालक जाम, धूल, शोर और अव्यवस्थित यातायात की परेशानी झेल रहे हैं।

अन्य समाचार