सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मेट्रो का मूड कल बिगड़ गया। सुबह के समय लाइन ९ से लाइन ७ पर जाते समय एक ट्रेन ट्रायल रन के दौरान फंस गई, जिससे मेट्रो की लाइन २ए और ७ पर हड़कंप मच गया। दहिसर ईस्ट प्वाइंट सेक्शन के पास आई इस तकनीकी खराबी के कारण सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले यात्री बुरी तरह से परेशान हो गए। इस घटना ने मुंबई मेट्रो की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब मेट्रो में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
महा मुंबई मेट्रो कॉर्पोरेशन के अनुसार, यह समस्या दहिसर ईस्ट पॉइंट सेक्शन के पास उस समय हुई, जब एक ट्रेन ट्रायल रन के दौरान लाइन ९ से लाइन ७ पर जा रही थी। तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी, लेकिन नियमित सेवाओं पर कोई खास असर डाले बिना उसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। यात्रियों की निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एमएमएमओसीएल ने अस्थाई परिचालन परिवर्तन लागू किए। ओवरीपाड़ा और आरे स्टेशनों के बीच सिंगल-लाइन वर्किंग शुरू की गई, जिससे दोनों दिशाओं में ट्रेनें एक ही ट्रैक पर चल सकें। इसके अलावा कनेक्टिविटी बनाए रखने और देरी कम करने के लिए गुंदावली और आरे के बीच दोनों लाइनों पर छोटी लूप सेवाएं शुरू की गईं। एमएमएमओसीएल ने अपने बयान में कहा कि हमारी रखरखाव टीम को तुरंत तैनात किया गया, समस्या का तुरंत समाधान किया गया और अब सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। हालांकि, सुबह दफ्तर के लिए निकले यात्रियों को अचानक सेवा रुकने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
