हिमांशु राज़
लेजेंडरी कंपोजर ए.आर. रहमान के जन्मदिन पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने उन्हें दिल से शुभकामनाएँ देते हुए सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया। रहमान, जो मल्होत्रा की अपकमिंग महागाथा रामायण के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं, को उन्होंने “संगीत का जादूगर” बताते हुए उनके योगदान को पीढ़ियों तक असर छोड़ने वाला कहा। नमित ने रिकॉर्डिंग स्टूडियो से एक तस्वीर शेयर की, जिसमें ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार हंस जिमर एक साथ नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता जगा दी, क्योंकि यह पहली झलक थी इन दो ऑस्कर विजेता दिग्गजों के सहयोग की।अपने संदेश में नमित मल्होत्रा ने लिखा कि रहमान का संगीत उनकी जिंदगी की यादों का हिस्सा है, जो हमेशा उन्हें परिवार, दोस्तों और अपनी आत्मा की ओर लौटाता है। उन्होंने रहमान के उज्जवल भविष्य और और भी उत्कृष्ट संगीत की कामना करते हुए कहा कि वह बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब रहमान और जिमर का यह जादुई मेल दुनिया के सामने आएगा।लगभग 5,000 साल पुरानी कथा पर आधारित रामायण सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। नमित मल्होत्रा की रामायण को अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी सिनेमैटिक परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसे डायरेक्टर नितेश तिवारी निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईज़ी (आठ ऑस्कर-विजेता विजुअल इफेक्ट्स कंपनी) और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से हो रहा है।इस भव्य फिल्म का संगीत पहले यूनिट में ही प्रशंसा बटोर चुका है और उम्मीद है कि रहमान-जिमर की यह जोड़ी भारतीय सिनेमा को अभूतपूर्व संगीत अनुभव देगी। फिल्म का पार्ट 1 दिवाली 2026 और पार्ट 2 दिवाली 2027 में आई मैक्स स्क्रीन पर रिलीज़ किया जाएगा।
