मुख्यपृष्ठनए समाचारनिवेश के नाम पर ऑनलाइन ठगी ... नवघर पुलिस ने जारी की...

निवेश के नाम पर ऑनलाइन ठगी … नवघर पुलिस ने जारी की चेतावनी

सामना संवाददाता / भायंदर
ऑनलाइन ठगी करने के मामले दिनों-दिन बढ़ती ही जा रहे हैं। नवघर पुलिस स्टेशन ने नागरिकों को ऑनलाइन निवेश ठगी से सतर्क रहने के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की है। पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में आईपीसी की धारा ६६(सी), ६६(डी), ३१८(४), ३(५) तथा महाराष्ट्र जमाकर्ताओं (वित्तीय संस्थाओं) हितों का संरक्षण अधिनियम, १९९९ की धारा ३ और ४ के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी मोनिका सुदीप भौमिक (पूरा नाम और पता अभी स्पष्ट नहीं) मीरा-भायंदर में रहने वाले कई लोगों को डीए इंडिया नामक कंपनी में निवेश करने पर ऊंचे मुनाफे का लालच देती थी। इसके बाद वह लोगों को डीए डाटामीर एआई नामक मोबाइल ऐप के माध्यम से निवेश करने को कहती थी। पीड़ितों से पैसे लेने के बाद न तो उन्हें रिफंड मिला और न ही किसी प्रकार का प्रमाणपत्र या रसीद दी गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता समेत कई अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी की है, जिसकी तलाश जारी है। नवघर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय ढुमे ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी नागरिक के साथ इस प्रकार की ठगी हुई है तो वे तुरंत नवघर पुलिस स्टेशन से संपर्क करें ताकि मामले की अच्छी तरह से जांच हो सके, साथ ही उन्होंने हिदायत दी है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में ना आएं और आम नागरिक ऑनलाइन ठगी से बचें।

अन्य समाचार