मुख्यपृष्ठनए समाचारट्रैफिक जाम से जनता बेहाल...धुएं और प्रदूषण से लोग त्रस्त...प्रशासन की लापरवाही...

ट्रैफिक जाम से जनता बेहाल…धुएं और प्रदूषण से लोग त्रस्त…प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

संदीप पांडेय / मुंबई

अंधेरी (प.) का आजाद लेन क्षेत्र लंबे समय से लगातार ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की मार झेल रहा है। प्लेटिनम, ग्रीनकोर्ट और राम लक्ष्मण कुटीर सोसायटी से जुड़े मार्गों पर सुबह-शाम जाम लगना आम बात हो गई है। ऑटोरिक्शा और निजी कारों की भीड़ से हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना और दुपहिया वाहन चलाना भी खतरे से खाली नहीं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन इस समस्या पर आंख मूंदे बैठा है। धुएं, शोर और प्रदूषण से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे श्वसन संबंधी दिक्कतों से परेशान हैं, लेकिन न तो ट्रैफिक विभाग और न ही स्थानीय प्रतिनिधियों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है।
वहां के एक निवासी भरतकुमार सोलंकी ने इस समस्या को लेकर यातायात विभाग, डी.एन. नगर, अंधेरी को पत्र लिखकर समाधान की मांग भी की है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट सुझाव दिए हैं- सोसायटियों के बीच राउंडअबाउट बनाकर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाए। पीक ऑवर्स में आजाद लेन को वन-वे घोषित किया जाए। ग्रीनकोर्ट और राम लक्ष्मण कुटीर के बाहर खड़े भंगार वाहनों को हटाकर क्षेत्र को नो-पार्विंâग जोन बनाया जाए। सोलंकी ने इस पत्र की प्रति अंधेरी (प.) के विधायक को भी भेजी है। उनका कहना है कि यह सिर्फ असुविधा का नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सुरक्षा का मामला है।
नागरिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
नागरिकों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो पुलिस, न मनपा और न ही जनप्रतिनिधि कोई कदम उठाते हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।

अन्य समाचार