अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के गढ़वा जिला अंतर्गत नगर उंटारी थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के समीप आए मंगलवार को पुलिस ने जुआ के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है।इस बीच गढ़वा पुलिस ने मौके से जुआ खेलते हुए आठ लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर करीब दस से बारह लोग मौके से फरार हो गये हैं। इस बीच गढ़वा पुलिस ने जुआ स्थल से 10 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद बरामद किये हैं। गढ़वा पुलिस के अनुसार, सात सितंबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ठरका गांव के सुरंगही बांध के पास प्रदीप डोम और उसके अन्य साथी बाहर से लोगों को बुलाकर धोखाधड़ी के जरिये अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर जुआ खेलवा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में क्यूआरटी टीम का गठन किया गया। इस गठित टीम ने नगर उंटारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के सहयोग से बताए गये स्थान पर आज छापामारी किया। इस दौरान पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गयी। कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि आठ लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। मौके से बड़ी मात्रा में नकदी और वाहनों की बरामदगी से पुलिस ने जुआ के बड़े स्तर पर संचालित होने की बात सामने आने की जानकारी दी है। इस बीच पुलिस ने जुआ स्थल से 10 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, चार मोटरसाइकिल, चार चारपहिया वाहन, सात एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया। इसके अलावा एक काले रंग का बैग, एक दरी और 155 ताश के पत्ते भी जब्त किये गये। वहीं बरामद किए गए चारपहिया वाहनों में बोलेरो, दो इटिंगा और एक टाटा नेक्सॉन शामिल हैं।
