हुमा कुरैशी अपने हालिया ओटीटी शोज, दिल्ली क्राइम सीजन ३ और महारानी सीजन ४ के लिए खूब तारीफें बटोर रही हैं। एक बातचीत में उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलिंग, गाली-गलौच और भद्दे कमेंट्स के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया। हुमा ने कहा कि कुछ टिप्पणियां जैसे ‘बिकनी में तस्वीर पोस्ट करो’ बहुत घृणित और दुखद हैं। उनका मानना है कि ऑनलाइन उत्पीड़न को सड़क पर होने वाले उत्पीड़न जितनी गंभीरता से लिया जाना चाहिए और ऐसे मामलों में सजा भी समान होनी चाहिए। एक्ट्रेस ने बताया कि पुरुष अक्सर सोचते हैं कि ऑनलाइन ट्रोलिंग हानिकारक नहीं है, लेकिन इससे महिलाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि महिलाओं के कपड़े, मेकअप, जीवनशैली या वजन पर कोई टिप्पणी करना बंद करें और उनकी हर कदम पर निगरानी करना छोड़ दें।
