राधेश्याम सिंह / वसई
मीरा भायंदर, वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार प्रतिबंधक/विशेष बालक संरक्षण (अपराध शाखा) की टीम ने विरार- पश्चिम की एक बिल्डिंग में चल रहे देह व्यापार के धंधे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में २ महिला दलालों को गिरफ्तार करने के साथ ही २ पीड़ित लड़कियों को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया है। आगे की कार्रवाई बोलिंज पुलिस द्वारा की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मीरा- भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार प्रतिबंधक/विशेष बालक संरक्षण (अपराध शाखा) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे को गुप्त सूचना मिली थी कि विरार- पश्चिम के बोलिंज पुलिस की हद में ओल्ड विवा कॉलेज, चेरिस बिल्डिंग नंबर १२, ग्राउंड फ्लोर में दो महिला दलाल ग्राहकों को लड़कियों की फोटो भेजकर देह व्यापार का कारोबार चला रही हैं। उक्त सूचना के आधार पर टीम ने उक्त स्थान पर फर्जी ग्राहक भेजकर छापेमारी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि पकड़ी गईं दोनों महिलाएं कई महीनों से अपने घर में यह गोरखधंधा कर रही थीं। क्राइम ब्रांच पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाओं ने अब तक और कितनी लड़कियों को देह व्यापार में धकेला है। उनके कोई अन्य साथीदार तो नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करने सहित पीड़ित लड़कियों को महिला सुधारगृह में भेज दिया है।
