मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल... ताज होटल को बम से...

मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल… ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी!.. होटल परिसर की गहन तलाशी

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई एक बार फिर सुरक्षा के मुद्दे को लेकर चर्चा के केंद्र में है। रविवार को दक्षिण मुंबई स्थित प्रतिष्ठित ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गर्इं। होटल परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके उद्देश्य की जांच शुरू कर दी है। यह घटना इसलिए अधिक गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि ताज होटल २६/११ मुंबई आतंकी हमलों का प्रमुख निशाना रह चुका है।
ताज होटल को कई बार मिल चुकी हैं धमकियां
वर्ष २००८ के हमलों में ताज होटल पर आतंकियों ने कब्जा कर लिया था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी और देश की आर्थिक राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। पिछले कुछ वर्षों में मुंबई के प्रमुख प्रतिष्ठानों, ताज होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और अन्य संवेदनशील स्थानों को कई बार फर्जी धमकी मिल चुकी हैं। अधिकांश मामलों में ये धमकियां झूठी साबित हुई हैं, लेकिन हर बार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को भारी संसाधन लगाने पड़ते हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि फर्जी धमकियां भी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, क्योंकि इससे सुरक्षा एजेंसियों की ऊर्जा और संसाधनों पर दबाव बढ़ता है। साथ ही, यह वास्तविक खतरे की स्थिति में प्रतिक्रिया क्षमता को भी प्रभावित कर सकता है। इस ताजा धमकी के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि क्या मुंबई का साइबर इंटेलिजेंस नेटवर्क पर्याप्त रूप से मजबूत है?

अन्य समाचार