मुख्यपृष्ठग्लैमर‘भाईजान' के घर को लेकर क्यों मचा है घमासान?

‘भाईजान’ के घर को लेकर क्यों मचा है घमासान?

-सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म…सुरक्षा और नए आशियाने की चर्चाओं ने बढ़ाई हलचल

जेदवी / मुंबई

बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान एक बार फिर फिल्मों से ज्यादा अपने घर को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से यह खबर तेजी से वायरल हो रही है कि सलमान खान ने अपना मशहूर गैलेक्सी अपार्टमेंट बेच दिया है। लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। दरअसल, सलमान ने गैलेक्सी अपार्टमेंट नहीं, बल्कि बांद्रा वेस्ट स्थित शिव-अस्थान हाइट्स में मौजूद अपना एक अन्य फ्लैट करीब ३.५० करोड़ रुपए में बेचा है। इसके बावजूद फिल्मी और न्यूज गलियारों में यह चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही कि क्या ‘भाईजान’ अब सचमुच अपने नए आशियाने की ओर कदम बढ़ाने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, ७५८ वर्ग फुट कारपेट एरिया वाला यह फ्लैट सलमान खान ने वर्ष २०१५ में खरीदा था और अब इसे बेचकर अच्छा मुनाफा भी कमाया है। लेकिन इस प्रॉपर्टी डील का गैलेक्सी अपार्टमेंट से कोई सीधा संबंध नहीं है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर दोनों बातों को जोड़कर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
चर्चा की असल वजह कुछ और
असल चर्चा की वजह कुछ और है। बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट सिर्फ सलमान खान का घर नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी और करियर की पहचान रहा है। पिछले पांच दशक से ज्यादा समय से खान परिवार यहीं रह रहा है। हर ईद पर लाखों प्रशंसकों की नजर इसी बालकनी पर रहती है, जहां से ‘भाईजान’ अपने चाहने वालों का अभिवादन करते हैं। ऐसे में इस घर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर सुर्खियां बनना तय है।
सुरक्षा को लेकर भाईजान सतर्क
फिल्मी गलियारों में यह भी चर्चा है कि वर्ष २०२४ में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग और लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा को लेकर सलमान खान पहले से कहीं ज्यादा सतर्क हो गए हैं। बताया जाता है कि इन्हीं कारणों से वह लंबे समय से अधिक सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं वाले नए घर की योजना पर काम कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बांद्रा के चिम्बाई इलाके में समुद्र किनारे बन रही उनकी छह मंजिला आलीशान इमारत भी लगातार चर्चा में है। कहा जा रहा है कि इस नए घर में अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था होगी और निर्माण पूरा होने के बाद सलमान अपने परिवार के साथ वहां शिफ्ट होने पर विचार कर सकते हैं।
फिलहाल इतना तय है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट नहीं बिका है और सलमान खान आज भी वहीं रह रहे हैं। लेकिन एक अन्य फ्लैट की बिक्री, नए घर का निर्माण और सुरक्षा से जुड़ी चर्चाओं ने मुंबई के फिल्मी गलियारों में अटकलों का बाजार जरूर गर्म कर दिया है।

अन्य समाचार