-मुखर वक्ता, बेबाक पत्रकार और सत्ता से टकराने वाले नेता के रूप में बनाई अलग पहचान
सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रीय पत्रिका ‘फेम इंडिया’ ने शिवसेना के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राऊत को देश के ‘सबसे साहसी सांसद’ के रूप में चुना है। पत्रिका ने उनकी बेबाक राजनीतिक शैली, संसदीय सक्रियता और कठिन परिस्थितियों में भी अपने रुख पर कायम रहने को इस चयन का प्रमुख आधार बताया है। पत्रकार, लेखक, संपादक और राजनेता के रूप में पहचान बनाने वाले राऊत लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति की चर्चित आवाज हैं। ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक के रूप में उनके तीखे लेखन और सत्ता प्रतिष्ठान पर सीधे प्रहार ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
`फेम इंडिया’ के अनुसार, राऊत ने संसद में १,९०० से अधिक प्रश्न पूछे और १५० से अधिक बहसों में भाग लिया। उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों, जल संकट, मुंबई की आधारभूत संरचना, रेलवे, औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा और संघीय ढांचे से जुड़े मुद्दे लगातार उठाए। समर्थक उन्हें निडर और संघर्षशील नेता मानते हैं, जबकि विरोधी उनकी भाषा को आक्रामक बताते हैं। इसके बावजूद सत्ता के सामने असुविधाजनक सवाल उठाना और राजनीतिक दबाव में न झुकना उनकी सबसे मजबूत पहचान बन चुका है।
