मुख्यपृष्ठनए समाचारफोकट यात्रियों पर ‘परे’ सख्त! ...दिसंबर में रु. १५.५४ करोड़ की वसूली...

फोकट यात्रियों पर ‘परे’ सख्त! …दिसंबर में रु. १५.५४ करोड़ की वसूली …९ महीनों में रु. १५५ करोड़ का जुर्माना

जेदवी / मुंबई
मुंबई की लोकल में बिना टिकट यात्रा कर रेलवे को करोड़ों का चूना लगाने वालों पर अब पश्चिम रेलवे ने सख्त कदम उठाए हैं। टिकट के नाम पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ानेवालों के खिलाफ पश्चिम रेलवे ने बड़े पैमाने पर सघन टिकट जांच अभियान चलाकर रिकॉर्ड तोड़ वसूली की है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, सिर्फ दिसंबर २०२५ में ही बिना टिकट और अनियमित यात्रा के २.५१ लाख मामलों में १५.५४ करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह पिछले साल की तुलना में ४२ प्रतिशत ज्यादा है। इतना ही नहीं, इसी महीने ९२ हजार मामलों में ३.९५ करोड़ की अतिरिक्त वसूली भी दर्ज की गई।
अप्रैल से दिसंबर २०२५ के बीच पश्चिम रेलवे ने बिना टिकट, अनियमित यात्रा और बिना बुक सामान के मामलों में १५५.४६ करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब ४९ प्रतिशत अधिक है। साफ है कि इस बार रेलवे ने ढिलाई नहीं, सीधी कार्रवाई का रास्ता चुना है। इस कुल वसूली में मुंबई उपनगरीय रेल खंड से ४१.२६ करोड़ रुपए शामिल हैं। वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों की कड़ी निगरान्ाी में हाई-मोटिवेटेड टिकट चेकिंग टीम ने मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर, लोकल और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में लगातार छापेमारी जैसी जांच चलाई।

‘मुफ्त की सवारी’ वालों पर शिकंजा
एसी लोकल को ‘मुफ्त की सवारी’ समझने वालों पर भी रेलवे का शिकंजा कस गया है। अप्रैल से दिसंबर २०२५ के बीच एसी ट्रेनों में ९१ हजार से ज्यादा अनधिकृत यात्रियों से २.९७ करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में ९७ फीसदी ज्यादा है। पश्चिम रेलवे ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अनधिकृत यात्रा पर लगाम लगे, ईमानदार यात्रियों को राहत मिले और राजस्व की रक्षा हो सके।

अन्य समाचार