प्रयागराज। विंटेज कार में सवार साधु-संतों ने सोमवार को पाँच दिवसीय प्रयागराज पंचकोसी परिक्रमा की माघमेला से शुरुआत की। उनके संग शिष्यों और अनुयायियों ने हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए चल रहे थे।परिक्रमा से पहले अखाड़े के साधु-संतों ने संगम स्नान किया। फिर विधिवत पूजा अर्चना कर पंचकोसी परिक्रमा प्रारंभ हुई। संगम क्षेत्र से प्रारंभ परिक्रमा के पहले दिन पौराणिक महत्व वाले अक्षयवट वृक्ष, लेटे हुए हनुमान जी, दत्तात्रेय मंदिर (जूना अखाड़ा), सरस्वती कूप, रामघाट, मौजिगिरि समाधि, सिद्धपीठ मां ललिता देवी, मां कल्याणी देवी तथा वनखण्डी महादेव जैसे प्रमुख स्थलों के दर्शन किए गए। मेला प्राधिकरण, श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के तत्वावधान में पंचकोसी परिक्रमा आयोजित की जा रही है। इससे पूर्व जूना अखाड़ा के महामंत्री हरी गिरि जी महाराज ने अन्य कई संत-महात्माओं के साथ रविवार देर शाम मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजयपाल शर्मा, मेलाधिकारी ऋषिराज, मेला पुलिस अधिकारी नीरज पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट कर उन्हें इस आयोजन में आमंत्रित किया। संतों ने परिक्रमा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व से भी अवगत कराया।
