-मां ने कंबल से घोंटा १९ साल की बेटी का गला
सामना संवाददाता / उल्हासनगर
उल्हासनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी ही १९ साल की बेटी की हत्या कर दी। हत्या की वजह थी बेटी का पड़ोस में रहने वाले लड़के से प्रेम संबंध। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना उल्हासनगर के भैयासाहेब अंबेडकर नगर इलाके की है। यहां रहने वाली अमृता गरद का अपने घर के ठीक बगल में रहने वाले एक युवक के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध था। अमृता की मां आशा गरद इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी। वह बार-बार अमृता को इस रिश्ते को खत्म करने के लिए कहती थी, लेकिन अमृता मानने को तैयार नहीं थी। बीती रात इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच जमकर बहस हुई। उस समय घर में अमृता के पिता और उसके दो भाई गहरी नींद में सो रहे थे। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आशा गरद ने बड़ा कदम उठा लिया। पुलिस के मुताबिक, जब अमृता बहस के बाद घर से बाहर जाने की तैयारी कर रही थी, तभी मां ने पीछे से आकर कंबल से उसका गला घोंट दिया। दम घुटने से मौके पर ही अमृता की मौत हो गई। सुबह जब घरवालों को इस घटना की जानकारी मिली तो अमृता के पिता तुरंत उल्हासनगर पुलिस स्टेशन नंबर १ पहुंचे और पूरी बात पुलिस को बताई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी मां आशा गरद को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आशा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसका कहना है कि वह बेटी के प्रेम संबंध से बहुत परेशान थी और समाज में बदनामी के डर से उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस इस मामले में हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे अंबेडकर नगर इलाके में सनसनी पैâल गई है।
