हिमांशु राज
दीपिका पादुकोण निस्संदेह भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिभाशाली और लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। अपनी दमदार अदाकारी, सहज व्यक्तित्व और अलग पहचान की वजह से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। हाल ही में उनकी फिल्म ‘पीकू’ के ग्यारह साल पूरे होने पर एक बार फिर उससे जुड़ी यादें ताजा हो गई हैं।
इस मौके पर निर्देशक शूजित सरकार का वह बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने दीपिका को अपनी सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में से एक बताया था। शूजित सरकार ने कहा था कि जब भी वह और उनके लेखक किसी नए विषय पर चर्चा करते हैं, तो दीपिका का नाम सबसे पहले आता है।
उनके अनुसार, दीपिका के साथ काम करते हुए उन्हें एक सच्ची अभिनेत्री और एक संवेदनशील रचनात्मक कलाकार का अनुभव हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े मंच और व्यावसायिक सिनेमा का हिस्सा होने के बावजूद दीपिका में एक साधारण, पडोस की लड़की जैसी सादगी है, जो उन्हें और भी खास बनाती है।
निर्देशक ने यह भी संकेत दिया था कि वह आगे भी दीपिका के साथ फिर से काम करना चाहेंगे। ‘पीकू’ की सफलता और उसके बाद दीपिका की लगातार मजबूत मौजूदगी ने यह साबित किया है कि वह आज भी दर्शकों और फिल्मकारों, दोनों की पहली पसंद बनी हुई हैं। आने वाले समय में उनके नए सहयोग को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
