-पहले पति से फोन पर बातचीत को लेकर भड़का विवाद
सामना संवाददाता / मुंबई
ओशिवरा के गुलशन नगर में सोमवार रात एक रिश्ता खून में डूब गया। यहां शक और जुनून की वजह से एक पति ने अपनी २५ वर्षीय पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। ओशिवरा पुलिस ने आरोपी पति सेराज अंसारी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान शबरुन नीला अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि शबरुन की यह दूसरी शादी थी। उसकी शादी सेराज अंसारी से हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी वह अपने पहले पति से फोन पर बात करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सेराज को पत्नी का अपने पहले पति से बातचीत करना बिल्कुल पसंद नहीं था।
सोमवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सेराज ने शबरुन का गला घोंट दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ओशिवरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सेराज अंसारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
