मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात : बीएसपी ने दक्षिण व पूर्वी राज्यों में संगठन...

उत्तर की बात : बीएसपी ने दक्षिण व पूर्वी राज्यों में संगठन मजबूती पर दिया जोर

रोहित माहेश्वरी लखनऊ

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और झारखंड की समीक्षा बैठक में पार्टी संगठन को मज़बूत करने और सर्वसमाज में जनाधार बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने वोटर लिस्ट के सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) को गंभीरता से लेने की अपील की, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। बिहार विधानसभा के ताजा नतीजों को बड़ा सबक बताते हुए मायावती ने कहा कि सरकारें अब सरकारी धन के दुरुपयोग से जनमत प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने ६ दिसंबर को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस को मिशनरी भावना से आयोजित करने का निर्देश भी दिया।

बीएलओ पर बढ़ते दबाव को लेकर अखिलेश यादव का सरकार पर निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भाजपा सरकार पर बीएलओ के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा दिए जा रहे ‘अव्यावहारिक लक्ष्य’ कर्मचारियों को मानसिक रूप से तोड़ रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा राज में न नई नौकरियां मिलीं, न पुरानी सुरक्षित रहीं, बल्कि कर्मचारियों पर दबाव अभूतपूर्व तरीके से बढ़ा है। उन्होंने बीएलओ से अपील की कि वे हताश न हों और किसी कठोर कदम से बचें। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का ‘चुनावी भ्रष्टाचार’ अब जनाक्रोश का कारण बन चुका है।

चंद्रशेखर आजाद ने एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि २००३ की मतदाता सूची जैसे पुराने रिकॉर्ड की मांग अव्यावहारिक है और इससे आम मतदाताओं तथा बीएलओ पर अनावश्यक बोझ बढ़ रहा है। आजाद के अनुसार, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर दबाव, तकनीकी संसाधनों की कमी, नेटवर्क समस्याएं और कई राज्यों में बीएलओ की आत्महत्या व मौत के मामले बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़े जमीनी सच्चाई से मेल नहीं खाते और एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत मानवीय दृष्टिकोण से संशोधित किया जाना चाहिए।

तनाव में बीएलओ को ब्रेन हेमरेज कांग्रेस ने आर्थिक मदद की उठाई मांग
लखनऊ विधानसभा-१६८ में तैनात बीएलओ विजय कुमार वर्मा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि एसआईआर प्रक्रिया के अत्यधिक दबाव के कारण उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ। उनकी पत्नी ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील की है। कांग्रेस पार्टी ने इसे मानवता से जुड़ा मामला बताते हुए चुनाव आयोग और राज्य सरकार से वर्मा के इलाज के लिए तुरंत आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि एसआईआर की अव्यवहारिक कार्यप्रणाली कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है और सरकार को इस घटना की जिम्मेदारी लेकर तत्काल सहायता प्रदान करनी चाहिए।

अन्य समाचार