मुख्यपृष्ठनए समाचारटाटा मेमोरियल अस्पताल को मिली ... बम से उड़ाने की धमकी!

टाटा मेमोरियल अस्पताल को मिली … बम से उड़ाने की धमकी!

मची अफरा-तफरी, सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस प्रशासन अलर्ट
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के प्रसिद्ध टाटा मेमोरियल अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल प्रशासन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में अस्पताल परिसर में विस्फोटक होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। धमकी की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं। मुंबई पुलिस की कई टीमें, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा इकाइयां तत्काल अस्पताल परिसर में पहुंचीं। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और हर संदिग्ध स्थान की गहन जांच की गई।
मुंबई पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मेल किसने भेजा, इसके पीछे क्या मंशा थी और यह किसी की शरारत का मामला है या किसी बड़ी साजिश से जुड़ा हुआ है। ईमेल की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल, जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से हर पहलू को ध्यान में रखते हुए तलाशी ली गई।
एक महीने में तीसरी धमकी
बता दें कि मुंबई और देश के अन्य हिस्सों में इस तरह की धमकियों के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। बीते महीने १८ दिसंबर को मुंबई के बांद्रा कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, जांच के बाद वह धमकी फर्जी निकली। इससे पहले १ दिसंबर को सांताक्रुज इलाके में स्थित एक स्कूल को भी इसी तरह की धमकी भेजी गई थी, जहां तलाशी के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला था और अब टाटा मेमोरियल अस्पताल को उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में भी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार