मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा-शिंदे गुट को सताने लगा बगावत का डर! ... घोषित नहीं कर रहे...

भाजपा-शिंदे गुट को सताने लगा बगावत का डर! … घोषित नहीं कर रहे हैं उम्मीदवार

– नामांकन की घोषणा का इंतजार
सामना संवाददाता / मुंबई
अंबरनाथ एवं कुलगांव-बदलापुर नगरपालिकाओं के स्थानीय निकायों के आम चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन शिंदे गुट और भाजपा बगावत के डर से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं कर रही है। यही कारण है कि पहले दो दिनों में एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है। दोनों जगहों के चुनाव अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया सोमवार १० नवंबर को शुरू हुई थी और मंगलवार ११ नवंबर तक आवेदनों की संख्या शून्य थी।
ठाणे जिले की दोनों ए-श्रेणी की नगरपालिकाओं, कुलगांव-बदलापुर और अंबरनाथ नगरपालिकाओं के चुनावों की घोषणा ४ नवंबर को हुई थी। तब से सभी दलों के उम्मीदवारों ने दोनों शहरों में प्रचार शुरू कर दिया है। इन दोनों शहरों मेंं शिंदे गुट और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। सूची जल्दी घोषित होने पर वरिष्ठों को बगावत का डर है। इसलिए सूची की घोषणा अंतिम कुछ दिनों में होने की संभावना है।
दिलचस्प बात यह है कि सभी दलों ने अपने संभावित उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं, लेकिन अभी तक सूची घोषित न होने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर चुनावी माहौल अभी शांत है और प्रमुख दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा होते ही नामांकन प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि १७ नवंबर, २०२५ को दोपहर २ बजे तक है।

अन्य समाचार