मुख्यपृष्ठनए समाचारटेरर मॉड्यूल के डॉक्टरों के खौफनाक थे मंसूबे...लंबी दूरी वाले ड्रोन से...

टेरर मॉड्यूल के डॉक्टरों के खौफनाक थे मंसूबे…लंबी दूरी वाले ड्रोन से तबाही मचाने का था प्लान!

-जाना चाहते थे सीरिया और अफगानिस्तान

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

लाल किला के पास हुए बम धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस बीच अब पता चला है कि आतंकी मॉड्यूल से जुड़े गिरफ्तार किए गए डॉक्टरों और अन्य लोगों को लंबी दूरी के ड्रोन की एक खेप मिलने वाली थी। ये खेप उन्हें एक पाकिस्तानी हैंडलर देने वाला था। बताया जा रहा है कि आतंकी मॉड्यल ड्रोन के जरिए बड़े हमले की साजिश रच रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए ऑपरेटर इन ड्रोनों को असेंबल करते और फिर उन पर रेडीमेड विस्फोटक माउंट करके एक बड़ा हमला करने की योजना थी। ये ड्रोन १० किलोग्राम तक का विस्फोटक ले जाने और कई किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम थे। हालांकि, ये योजना १० नवंबर को तब फेल हो गई, जब हरियाणा के फरीदाबाद में एक किराए के घर से २,९०० किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया। उसी दिन शाम को लाल किले के पास कार धमाका हो गया, जिसमें कम से कम १४ लोगों की मौत हो गई।
ऐसे हुआ भंडाफोड़
बता दें कि सबसे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस पोस्टरों की जांच को लेकर एक्टिव हुई थी। जांच-पड़ताल के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यूपी और हरियाणा पुलिस के साथ संपर्क साधा था। फिर सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था। पुलिस टीमें फरीदाबाद पहुंची, जहां से २,९०० किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुआ था। बाद में अल फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों के नाम सामने आए थे।
डिजिटल प्लेटफॉर्मों के जरिए भर्ती
साल २०१८ के बाद से आतंकी समूहों की रणनीति में बदलाव देखने को मिला है। अब आतंकवादी समूह डिजिटल मंचों के जरिए लोगों की भर्ती करने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि पुख्ता सुरक्षा उपायों के कारण प्रत्यक्ष और आमने-सामने की बातचीत मुश्किल होती जा रही है।
भारत में रहकर धमाकों के दिए गए थे निर्देश
जांच से जुड़े अधिकारियों की मानें तो व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल के डॉक्टरों ने सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं से सीरिया या अफगानिस्तान जाकर वहां के आतंकी संगठनों में शामिल होने की चाहत जताई थी। हालांकि, सीमा पार के हैंडलरों ने टेरर मॉड्यूल के डॉक्टरों को भारत में ही रह कर धमाकों को अंजाम देने का निर्देश दिया था।

अन्य समाचार