सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी व्यक्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन जिनका राजनीतिक गेम करना है, उन पर तुरंत कार्रवाई होती है। सरकार के एक विभाग द्वारा कहने के बावजूद भी जिस सिडको घोटाले को मैं सामने लाया था, उसमें अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस तरह का जोरदार हमला करते हुए राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि भेदभाव न करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए।
रोहित पवार ने कहा कि भाजपा के सभी नेताओं को एकनाथ शिंदे की जरूरत मुंबई मनपा चुनाव तक है। मुंबई मनपा चुनाव खत्म होते ही एकनाथ शिंदे को टार्गेट किया जाएगा। उन्हें पूरी तरह से राजनीतिक रूप से खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। उनके अपने ठाणे में भी उन्हें ठीक से राजनीति करने नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सिडको का मामला हो, नई मुंबई में बजरी का मामला हो, नासिक में जमीन का मामला हो या शिरसाट के एमआयडीसी का मुद्दा हो, इनमें शामिल जो कोई भी व्यक्ति हो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। रोहित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री आप लोगों पर नजर रखे हुए हैं। भाजपा को अब गुंडों की जरूरत खत्म हो गई है।
