मुख्यपृष्ठनए समाचारकांदिवली के दहाणुकरवाड़ी श्मशान भूमि की दुर्दशा...नागरिकों की मनपा से मरम्मत की...

कांदिवली के दहाणुकरवाड़ी श्मशान भूमि की दुर्दशा…नागरिकों की मनपा से मरम्मत की मांग

द्रुप्ति झा / मुंबई

कांदिवली-पश्चिम में स्थित दहाणुकरवाड़ी हिंदू श्मशान भूमि की हालात दयनीय स्थिति में है और सार्वजनिक सुविधाओं के अभाव में कांदिवली-पश्चिम से चारकोप, महावीरनगर, दहाणुकरवाड़ी क्षेत्र के नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि नगरपालिका तत्काल श्मशान भूमि परिसर की मरम्मत कराए। साथ ही पेड़ के चारों ओर की टहनियां टूटी हुई हैं। दूषित पानी की निकासी न होने से आस-पास के इलाके में पानी बह रहा है। जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, इससे कीड़े पनप रहे हैं।
श्मशान भूमि में चारों ओर कचरों का ढेर, शराब की बोतलें इधर-उधर बिखरी पड़ी हैं। कई सालों से श्मसान भूमि का मेंटेनेंस नहीं होने की वजह से हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि यहां अंतिम संस्कार के लिए आनेवाले नागरिकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। आम लोगों ने कहा कि विधायक सिर्फ वोट लेने ही गलियों का दौरा करते हैं और जीतने के बाद देखने तक नहीं आते हैं कि आम जनता किस हालात में अपना गुजारा करती है। कांदिवली-पश्चिम घनी आबादी वाला इलाका है। इस इलाके के नागरिकों के लिए दहाणुकरवाड़ी एकमात्र श्मशान भूमि है। इस श्मशान भूमि में लकड़ी से जलाने के लिए छह और दो विद्युत शवदाह गृह हैं। यहां प्रतिदिन १५ से २० शवों का अंतिम संस्कार होता है। वर्तमान में चिता के नीचे की दीवार के कोने ढह गए हैं। चिता में लगी कुछ जालियां टूट गई हैं और कुछ जर्जर हो गई हैं। साथ ही चिता के नीचे जमीन में छेद हो गए हैं। इस वजह से दाह संस्कार के बाद राख और अस्थियां निकालने में लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
वर्षों से खस्ता हालत
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) से दहाणुकरवाड़ी वॉर्ड क्रमांक २१ के शाखाप्रमुख रवींद्र मर्ये ने बताया कि हमने दहाणुकरवाड़ी हिंदू श्मशान भूमि की इस खराब हालात को लेकर मनपा विभाग में एक पत्र भी दिया है, जिस पर मनपा को ध्यान देना चाहिए। कई सालों से बुरी स्थिति बनी हुई है। इस स्थिति के लिए भ्रष्ट अधिकारी जिम्मेदार हैं। इस मामले को लेकर सामना संवाददाता ने मनपा अधिकारी से भी बात की थी, जिस पर अधिकारी ने एक हफ्ते के अंदर मरम्मत करवाने की बात कही थी, लेकिन इस पर कोई भी ध्यान नहीं दिया गया और झूठा आश्वासन देते हुए लोगों को गुमराह किया गया।

अन्य समाचार