सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदी पत्रिका ‘शोधावरी’ और ‘अनभै’ के संयुक्त तत्वावधान में कल, दिनांक 4 जनवरी 2026 को मुंबई विश्वविद्यालय के जे पी नाइक भवन सभागार में श्री यशपाल सिंह ‘यश’ के सद्य: प्रकाशित गीत संग्रह, ‘गीत हूँ मैं’ का भव्य लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रत्न शंकर पाण्डेय ने की तथा मुख्य अतिथि रहे श्री रमन मिश्र। डॉक्टर अवधेश कुमार राय, डॉक्टर कृष्ण कुमार मिश्र तथा श्री राकेश शर्मा ने पुस्तक पर अपनी विस्तृत समीक्षाएं प्रस्तुत की। सभी समीक्षकों ने गीतों के विषय वैविध्य, भाषा की सरलता और लयात्मकता का विशेष रूप से उल्लेख किया। डॉक्टर हूबनाथ पांडे ने भी इस संदर्भ में अपने विचार रखे। गीतकार श्री यशपाल सिंह ‘यश’ ने अपनी साहित्य यात्रा के बारे में बताया। कार्यक्रम में कुछ गीतों का गायन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री सर्वेश कुमार ने किया तथा अन्त में डॉ प्रमोद यादव ने सभी विशिष्ट अतिथियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
