राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर और इससे लगायत नैनी, झूंसी, फाफामऊ में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोग घरों में ताला लगाकर कहीं जाने से डरने लगे हैं। मनबढ़ चोरों ने शनिवार आधी रात के बाद नैनी अंबेडकर नगर बस्ती में ताला लगे हुए घर को निशाना बनाया। घर का कोना-कोना खंगाल कर सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और ५२ हजार रुपए समेट कर चलते बने।
रविवार सुबह जब परिवार लौट कर आया तो टूटा हुआ ताला देखते ही उनके पांव तले जमीन खिसकती महसूस हुई। घर के सारे सामान बिखरे हुए थे। आलमारी खुली थी। बक्सा का ताला भी टूटा हुआ था। जेवर, महंगे बर्तन और नगद ५२ हजार रुपए गायब थे। नैनी जेल रोड चौकी बस्ती के बिल्कुल पास में है। लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के सदस्य ने जानकारी दी तब उसे पता चला।
बस्ती के अखिलेश शर्मा अंबेडकर नगर में रहते हैं। कछवा बाजार मिर्जापुर अपनी ससुराल दादी सास को देखने गए थे। घर में बेटी अनवी शर्मा अकेले थी। शनिवार रात करीब आठ बजे घर में ताला बंद कर वह अपने चाचा अवधेश शर्मा के घर सोने चली गई थी। रविवार सुबह अखिलेश शर्मा मिर्जापुर से लौटे तो पता चला घर में चोरी हो गई। सब कुछ चोरी हो गया था। मौके पर जेल रोड चौकी इंचार्ज अमित द्विवेदी मौजूद रहे।
