द्रुप्ति झा / मुंबई
व्यस्त समय के दौरान यातायात की भीड़भाड़ कम करने के लिए ठाणे यातायात पुलिस ने १८ सितंबर से २ अक्टूबर तक घोड़बंदर रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान भारी वाहनों को केवल रात १२ बजे से सुबह ६ बजे के बीच ही प्रवेश की अनुमति दी गई है।
ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर यातायात को सुचारु रूप से जारी रखने और जाम को रोकने के लिए यातायात पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट ने यह निर्णय लिया है। इसके बावजूद घोड़बंदर रोड पर शाम से ही भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। रात ८ बजे से ही ट्रक वालों की मनमानी शुरू हो जाती है।
मुंबई-अमदाबाद रोड पर फाउंटेन होटल के सामने सोमवार को आठ बजे से ही ट्रक चलते हुए दिखाई दिए, जिस वजह बाकी छोटे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतोेंं का सामना करना पड़ा। अवैध तरीके से ट्रक खड़े होने की वजह से ट्रैफिक बढ़ गया। ट्रैफिक पुलिस वहां पर खड़े होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। वाहन चालक गोरख खान ने कहा कि ड्राइवर सबसे ज्यादा मुंबई में परेशान होता है। कृष्णा चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार पहले घोड़बंदर रोड को ठीक करे, सड़कों की दुर्दशा की वजह से ही ट्रैफिक बढ़ती जा रहा है। आतिश जाधव ने कहा कि किसने कहा कि हैवी व्हीकल पर रात १२ से सुबह ६ बजे तक रोक लगाई गई है। सुनील सिंह ने कहा कि ट्रक ड्राइवर को १० दिन के लिए हड़ताल कर देना चाहिए। तब सरकार को समझ में आएगा कि आम जनता के लिए क्या करना है।
