सामना संवाददाता / मुंबई
अंधेरी स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था श्री नगरदास डी. भुता हाईस्कूल के लिए एक गौरवशाली क्षण तब आया जब विद्यालय के ट्रस्टी तेजश्री भुता एवं शुभेंदु भुता को ‘आउटलुक- नेशन बिल्डर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान, शिक्षा क्षेत्र में नवाचारपूर्ण पहल और संस्थागत नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राम शिंदे ने यह पुरस्कार एक भव्य समारोह में प्रदान किया। इस सम्मान से न केवल श्री नगरदास डी. भुता हाईस्कूल का नाम रोशन हुआ है, बल्कि पूरे अंधेरी क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
ट्रस्टी शुभेंदु भुता ने इस अवसर पर कहा कि यह पुरस्कार हमारी संस्था की सामाजिक और शैक्षिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह हमें और भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा और हमारे विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर ट्रस्टियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था के विकास पथ को और भी सशक्त करेगा।
