मुख्यपृष्ठनए समाचारचुनाव प्रचार के दौरान भिवंडी में हिंसक झड़प!.. भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोरदार...

चुनाव प्रचार के दौरान भिवंडी में हिंसक झड़प!.. भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोरदार भिड़ंत

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र में मनपा चुनाव प्रचार के बीच भिवंडी में शनिवार शाम सियासी टकराव हिंसा में बदल गया। नारपोली भंडारी चौक इलाके में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद पथराव और लाठीचार्ज की नौबत आ गई। इस हिंसक घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रभाग संख्या २० के नारपोली भंडारी चौक इलाके में भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से पथराव और लाठियों का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भिवंडी में भाजपा उम्मीदवार यशवंत टावरे और कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र पाल के चुनावी कार्यालय एक-दूसरे के नजदीक स्थित हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे कांग्रेस की एक रैली भाजपा कार्यालय के पास की गली से गुजर रही थी। इसी दौरान नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर, प्लास्टिक की कुर्सियां और लाठियों से हमला किया। अचानक भड़की हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही नारपोली और भोईवाड़ा पुलिस थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। एहतियात के तौर पर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले में भाजपा उम्मीदवार यशवंत टावरे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर भाजपा कार्यालय के सामने उकसाने वाली नारेबाजी की। वहीं कांग्रेस की ओर से भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भाजपाइयों ने रैली रोकी
कांग्रेस उम्मीदवार वैशाली म्हात्रे की बेटी हर्षली म्हात्रे ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली को रोकने की कोशिश की और महिलाओं पर पत्थर फेंके। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय पर भी पथराव कर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष २०१७ में उनके पिता की हत्या हुई थी और अब उनकी मां पर हमला किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और अतिरिक्त बंदोबस्त किया गया है।

अन्य समाचार