मुख्यपृष्ठअपराधवायरल न्यूज : मारपीट से तंग आकर पत्नी ने की पति की...

वायरल न्यूज : मारपीट से तंग आकर पत्नी ने की पति की हत्या

एम एम एस

उत्तराखंड के ऋषिकेश में रहने वाली कुसुम १० जुलाई २०२० को पुलिस के पास आंखों में आंसू लिए पहुंची। उसका बेटा नरेंद्र राठी, जो टैक्सी चलाता था, १ जुलाई से लापता था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो उन्हें सबसे पहले उसकी पत्नी पूजा से बात करनी पड़ी। पुलिस को पता चला कि नरेंद्र शराब पीकर अकसर पूजा से मारपीट करता था, और दोनों के रिश्ते बिल्कुल अच्छे नहीं थे। तभी पड़ोसियों से एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली कि नरेंद्र की गैरमौजूदगी में अमन नाम का एक प्लंबर ठेकेदार अक्सर पूजा के घर आता-जाता था।
नरेंद्र का मोबाइल कई दिनों से स्विच्ड ऑफ था। तभी अचानक २० जुलाई २०२० को उसकी पत्नी पूजा खुद पुलिस के पास पहुंची। उसने बताया कि उसके पति ने उसे फोन करके जान से मारने की धमकी दी है। यह सुनकर पुलिस हैरान रह गई, क्योंकि इससे तो यही लगा कि नरेंद्र जिंदा है।
लेकिन पुलिस को शक हुआ, और उन्होंने फोन की कॉल डिटेल्स निकाली। पता चला कि नरेंद्र के नंबर से हरिद्वार जाकर पूजा और उसकी मां कुसुम को कॉल की गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि धमकी देने वाले फोन में अमन का नंबर इस्तेमाल हुआ था। अब पुलिस को यकीन हो गया कि नरेंद्र की गुमशुदगी में पूजा और अमन का ही हाथ है।
बनाया खूनी प्लान
पुलिस की सख्ती के सामने पूजा और अमन टूट गए और हत्या का गुनाह कबूल कर लिया। पूजा ने बताया कि शराब और मारपीट से भरी शादीशुदा जिंदगी से वह परेशान हो चुकी थी। एक एक्सीडेंट के बाद प्लंबर अमन ने उसकी मदद की थी और वहीं से दोनों करीब आ गए थे।
जब नरेंद्र को इस अवैध संबंध का शक हुआ, तो वह पूजा को और ज्यादा पीटने लगा। रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर पूजा ने अमन के साथ मिलकर नरेंद्र को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
लाश को टॉयलेट में छिपाकर मिटाए सबूत
१ जुलाई २०२० की रात को जब नरेंद्र शराब के नशे में सो रहा था, तब पूजा ने अमन को घर में बुलाया। तेज कूलर चलाकर अमन ने दुपट्टे से गला घोंटकर नरेंद्र को मार डाला।
नरेंद्र को मारने के बाद, उन्होंने लाश को बोरे में छिपाया। अगले दिन अमन मजदूरों की मदद से टॉयलेट की सीट उखड़वाकर लाश को बोरे समेत शौचालय के गड्ढे में डाल दिया। फिर नई सीट लगाकर सबूत मिटा दिए। पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए, अमन ने नरेंद्र का सिम अपने फोन में डालकर हरिद्वार जाकर धमकी भरी कॉल की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर शौचालय की खुदाई से नरेंद्र का सड़ागला शव बरामद हुआ, जिसने इस दर्दनाक कहानी का अंत कर दिया।

अन्य समाचार