मुख्यपृष्ठनए समाचारजाना था ईरान, पहुंच गया हिंदुस्थान ... प्लेन के पहिए पर बैठकर...

जाना था ईरान, पहुंच गया हिंदुस्थान … प्लेन के पहिए पर बैठकर १३ वर्षीय बच्चे का जानलेवा सफर!

अफगानिस्तान का १३ वर्षीय किशोर खतरनाक ढंग से विमान के पहिए पर सवार होकर भारत पहुंच गया। घटना बीते रविवार की है। पता चला कि वह ईरान जाना चाहता था, लेकिन अफगानिस्तान की केएएम एयर की फ्लाइट संख्या आरक्यू४४०१ के पिछले पहिये (व्हील वेल) में छिपकर बैठ गया, जिसने करीब ९४ मिनट की यात्रा के बाद उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा दिया। पूछताछ में लड़के ने बताया कि वह यात्रियों की गाड़ी के पीछे-पीछे एयरपोर्ट के अंदर गया और फिर विमान के व्हील वेल में छिप गया। इसे न सिर्फ एक बड़ी सुरक्षा चूक माना जा रहा है, बल्कि इसमें लड़के की जान भी जा सकती थी।
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह से विमान में छिपकर यात्रा करना बहुत ही खतरनाक होता है। ऑक्सीजन की कमी से व्यक्ति कुछ ही मिनटों में बेहोश हो सकता है या उसकी मौत हो सकती है। १० हजार फीट से ऊपर ऑक्सीजन की मात्रा बहुत कम होती है। अनुमान है कि वहां दबाव और तापमान सामान्य रहने की वजह से वह जिंदा बच गया।

पहले भी घट चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इस तरह की घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं। कई बार लोग लैंडिंग गियर में छिपकर सफर करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन ज्यादातर की मौत हो चुकी है। २०२१ में ग्वाटेमाला का एक युवक मियामी पहुंचा था, जबकि जनवरी २०२४ में डोमिनिकन रिपब्लिक से फ्लोरिडा जाने वाली फ्लाइट के लैंडिंग गियर में दो शव मिले थे।

अन्य समाचार