उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां प्यार की कोई उम्र और सीमा नहीं होती, यह साबित हुआ। जब यह अनोखा मामला कौशांबी के महिला थाना पहुंचा, तो सब हैरान रह गए। मामले में महिला पक्ष के अनुसार, एक व्यक्ति बेटे के लिए बहू देखने गया था, लेकिन बहू देखने के बजाय वह होने वाली समधन से प्यार कर बैठा।
मामला फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के गांव के एक व्यक्ति ने अपने बेटे की शादी महेवा घाट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय की थी। बताया जा रहा है कि लगभग तीन महीने पहले वह बेटे की शादी के लिए ‘बहू देखने गया। इस दौरान उसकी अखियां होने वाली समधन से लड़ गर्इं और दोनों एक-दूसरे से प्यार कर बैठे। दोनों के बीच बातचीत भी होने लगी। जब मामला आगे बढ़ा तो इसकी जानकारी शख्स के पत्नी को हुई। मामले की जानकारी होते ही उसका पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। मामला हद से ज्यादा बढ़ता देख पत्नी ने महिला थाना मंझनपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर महिला थाना प्रभारी नीलम राघव और महिला आरक्षी विद्या यादव ने दोनों पक्षों को बुलाकर घंटों समझाया। आखिरकार, दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ कि दोनों आपस में कोई संबंध नहीं रखेंगे।
थाना पहुंचा मामला
मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी ने बताया कि एक व्यक्ति, जो फतेहपुर जिले का रहने वाला है, वह अपने बेटे के लिए रिश्ता देखने महेवा घाट थाना क्षेत्र में गया था, जहां पर बेटी की मां से उसका संबंध हो गया और वह उससे फोन पर बातें करने लगा। जब यह बात उसकी पत्नी को पता चली तो दोनों में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पत्नी अपने पति से नाराज होकर अपने मायके चली गई।
