-केंद्र सरकार पर विपक्ष का गंभीर आरोप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों और कथित सरकारी खर्च पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देशभर में मनाने के लिए टैक्सपेयर के करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रधानमंत्री के जन्मदिन का खर्च आम जनता की जेब से क्यों उठाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में ३.५५ करोड़ दीये जलाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस का दावा है कि देशभर में इस आयोजन में करीब २२५ करोड़ रुपए का तेल जल गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि तेल की खपत कम करने की अपील करने वाली सरकार ने ही दीपों के नाम पर भारी मात्रा में तेल खर्च करा दिया। कांग्रेस ने शिक्षकों और पटवारियों को दीप जलाने जैसे कार्यक्रमों में लगाने पर भी सवाल उठाया।
‘फिजूलखर्ची का तमाशा, बूंद-बूंद को तरसी जनता’
कांग्रेस ने `एक्स’ पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जलाए गए दीयों से तेल निकालते हुए दिख रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर तंज कसते हुए कहा, `जन्मदिन के लिए फिजूलखर्ची, जनता बूंद-बूंद को तरसी।’
