मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी सरकार की १२ साल की उपलब्धि... स्कूलों में नहीं बिजली, सीजेपी...

मोदी सरकार की १२ साल की उपलब्धि… स्कूलों में नहीं बिजली, सीजेपी ने जलाए दीए

अभिजीत दीपके का भाजपा पर हमला,
-बोले, अब तो ‘स्कूल ठीक करो’ सरकार

सामना संवाददाता / मुंबई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ७६वें जन्मदिन पर जहां देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं महाराष्ट्र में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति पर सवाल खड़े किए। दीपके ने ग्रामीण क्षेत्र के बंद बिजली कनेक्शन वाले सरकारी स्कूल में पहुंचकर दीये जलाए और प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
दीपके ने स्कूल परिसर में दीये जलाते हुए कहा कि मोदी जी के जन्मदिन पर दीये जलाने को कहा गया था, इसलिए हमने सरकारी स्कूल में दीये जलाए हैं। जहां बिजली सप्लाई नहीं हो रही है। इसके बाद उन्होंने सरकारी स्कूल और उसकी इमारत को प्रधानमंत्री को ‘उपहार’ देने की बात कही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हम ये सरकारी स्कूल और इमारतें मोदी जी को गिफ्ट करना चाहते हैं और यही आपकी १२ साल की उपलब्धि है।
इसके बाद दीपके ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर ‘हैप्पी बर्थडे मोदी जी’ गीत गाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। हालांकि, इस पूरे कार्यक्रम का केंद्र जन्मदिन की बधाई से ज्यादा सरकारी स्कूलों की हालत और शिक्षा व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित करना रहा।
दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पिछले कुछ समय से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ता सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों, बुनियादी सुविधाओं की कमी और विद्यार्थियों के सामने मौजूद समस्याओं को सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की ओर से चलाए जा रहे ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति सामने लाई जा रही है। अभियान में जर्जर इमारतों, बिजली समेत बुनियादी सुविधाओं की कमी और विद्यार्थियों की समस्याओं को उजागर कर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अन्य समाचार