मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा के खजाने से आरएसएस के ‘सृष्टि’ को २.४६ करोड़!

मनपा के खजाने से आरएसएस के ‘सृष्टि’ को २.४६ करोड़!

-पर्यावरण शिक्षा के नाम पर भाजपा का खेल?
-७वीं के बच्चों की शिक्षा पर घमासान, विपक्ष ने मांगी जांच

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई महानगरपालिका के स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा ७ के विद्यार्थियों को पर्यावरण शिक्षा के नाम पर भायंदर-उत्तन स्थित केशव सृष्टि ले जाने के लिए करीब २.४६ करोड़ रुपए खर्च करने के प्रस्ताव ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। प्रस्ताव को लेकर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताते हुए सार्वजनिक धन के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि पर्यावरण शिक्षा की आड़ में मनपा के खजाने से आरएसएस से जुड़े संस्थान को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में यूनाइटेड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने भी प्रस्ताव की तत्काल समीक्षा के साथ स्वतंत्र प्रशासनिक और वित्तीय जांच की मांग की है।
संस्था का चयन वैâसे हुआ?
संगठन के अध्यक्ष अधिवक्ता विजयकुमार कनोजिया ने मनपा आयुक्त को पत्र भेजकर प्रस्ताव की प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि इतनी बड़ी सार्वजनिक राशि खर्च करने से पहले संबंधित संस्था का चयन किस प्रक्रिया के तहत किया गया? क्या इसके लिए निविदा, कोटेशन या कोई अन्य प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया अपनाई गई? संगठन ने विद्यार्थियों की कुल संख्या, प्रति विद्यार्थी प्रस्तावित खर्च और २.४६ करोड़ रुपए की पूरी लागत का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही सवाल उठाया गया है कि क्या विद्यार्थियों को पर्यावरण शिक्षा देने के लिए अन्य संस्थाओं या स्थानों पर भी विचार किया गया था?
‘जांच तक रोकें भुगतान’
यूनाइटेड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने मांग की है कि मामले की जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान अथवा अग्रिम राशि जारी न की जाए। साथ ही प्रस्ताव, प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी, निविदा या कोटेशन, कार्यादेश और संबंधित समझौते समेत सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। अब सवाल यह है कि पर्यावरण शिक्षा के लिए २.४६ करोड़ रुपए के इस प्रस्ताव के पीछे खर्च का वास्तविक आधार क्या है और संस्था के चयन की प्रक्रिया कितनी पारदर्शी रही? इन सवालों के जवाब सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

अन्य समाचार