-मुंबई में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
-सरकारी व्यवस्था और डेटा सुरक्षा पर उठे सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकारी व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब २२ सेकंड के इस वीडियो में एक ऑटो-रिक्शा चालक के हाथ में एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह ट्रैफिक पुलिस द्वारा ई-चालान काटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मशीन है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। उपकरण की वास्तविक पहचान को लेकर मुंबई ट्रैफिक पुलिस का आधिकारिक स्पष्टीकरण जरूरी है।
वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि यदि यह वास्तव में ट्रैफिक पुलिस का आधिकारिक ई-चालान उपकरण है तो यह किसी निजी व्यक्ति या रिक्शा चालक के हाथ तक वैâसे पहुंचा? क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी ने इसे इस्तेमाल के लिए दिया था? क्या यह विभाग का पुराना या निष्क्रिय उपकरण है? या फिर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा ही गलत है? इन सभी सवालों का जवाब जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद ही मिल सकेगा।
ई-चालान व्यवस्था में वाहन से संबंधित जानकारी, यातायात नियमों के उल्लंघन और जुर्माने से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड दर्ज किए जाते हैं। ऐसे में यदि कोई आधिकारिक उपकरण वास्तव में अनधिकृत व्यक्ति के हाथ में पहुंचा है तो मामला केवल विभागीय लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डेटा सुरक्षा और सरकारी डिजिटल व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े होंगे।
