मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा का `विकास' गड्ढे में ...भोपाल-विदिशा रोड पर `२७१ करोड़ की लागत...

भाजपा का `विकास’ गड्ढे में …भोपाल-विदिशा रोड पर `२७१ करोड़ की लागत से बनी सड़क एक झटके में धंसी!

५० मीटर लंबी सड़क पर बना २० फीट का गड्ढा
भोपाल में एक बार फिर सड़क धंसने की बड़ी घटना सामने आई है। भोपाल-विदिशा रोड पर रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले ब्रिज का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इस हादसे में करीब ५० मीटर लंबी सड़क धंस गई, जिससे २० फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस सड़क का निर्माण २७१ करोड़ रुपयों की लागत से बनी थी। यह घटना रेलवे ट्रैक से ठीक पहले हुई, जो राजधानी भोपाल में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाती है। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
यह सड़क मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अंतर्गत आती है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि यह मार्ग उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। एनएचएआई ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि थाना सुखी सेवनिया के अंतर्गत बिलखिरिया की ओर से आने वाले कल्याणपुर रेलवे ब्रिज से लगभग १०० मीटर आगे यह हादसा हुआ। यह पहली बार नहीं है जब भोपाल में सड़क धंसने की घटना हुई हो। शहर में हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो सड़क निर्माण और रखरखाव की खराब स्थिति को दर्शाती हैं। इस हादसे ने स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी पैदा कर दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सड़कों की मरम्मत और निर्माण में इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
एमपीआरडीसी को अब इस धंसी सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने होंगे। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा। यह घटना एक चेतावनी है कि बुनियादी ढांचे की मजबूती और रखरखाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अन्य समाचार