मुख्यपृष्ठसमाचारदिवाली के अवसर पर टावरी पाड़ा में कचरे का ढेर, नागरिकों में...

दिवाली के अवसर पर टावरी पाड़ा में कचरे का ढेर, नागरिकों में नाराजगी

सामना संवाददाता / कल्याण

त्योहार के मौके पर यानी दिवाली के समय कल्याण-पश्चिम के टावरी पाड़ा क्षेत्र स्थित शंखेश्वर प्रेसिडेंसी सोसायटी के बाहर कचरे के ढेर जमा हो गया है। मनपा की गाड़ी कई दिनों से नहीं आने के कारण कचरा सड़कों पर फैल गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बार-बार फोन करने के बावजूद सफाई विभाग की गाड़ी नहीं आती।

यहां की बड़ी सोसायटी में लगभग 610 फ्लैट हैं और प्रतिदिन कचरा उठाया जाना चाहिए, लेकिन गाड़ी तीन से पांच दिन में एक बार ही आती है। इसके कारण सोसायटी के मुख्य द्वारों पर कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे पूरे परिसर की सुंदरता बिगड़ गई है और बदबू फैल रही है। गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

निवासी विनोद शेलकर ने कहा कि हम हर महीने 600 रुपये सफाई शुल्क के रूप में भरते हैं, फिर भी सफाई की व्यवस्था नहीं होती। अगर कर भरने के बाद भी सुविधा नहीं मिलती, तो यह कर आखिर किस बात का टैक्स लेते हैं? नागरिकों ने मनपा प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था शुरू करने और दिवाली के समय विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है।

घनकचरा विभाग के उपायुक्त रामदास कोकरे ने बताया कि ऐसा नहीं होना चाहिए। फिर भी हम संबंधित अधिकारी से रिपोर्ट मंगवाकर जांच करेंगे और यदि लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि दिवाली के अवसर पर नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे कचरा निर्धारित समय पर बाहर रखें और आसपास सफाई बनाए रखें। मनपा का प्रयास है कि प्रत्येक सोसायटी में नियमित रूप से गाड़ी भेजी जाए ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहे।

अन्य समाचार