सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्र सरकार ने जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाली पेगासस तकनीक का नाम ‘संचार साथी’ रखा है। इसके जरिए भाजपा देश की जनता की जासूसी कर रही है। इस तरह का गंभीर आरोप शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल लगाया। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मतदाताओं पर नजर रखने के बजाय देश पर हमले करने वाले आतंकवादियों पर नजर रखनी चाहिए।
‘मातोश्री’ निवासस्थान पर नई मुंबई के एकनाथ शिंदे गुट के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने कल अपने असंख्य कार्यकर्ताओं के साथ उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में शिवसेना में प्रवेश किया। इस अवसर पर उद्धव ठाकरे ने शिवबंधन बांधकर उनका पक्ष में स्वागत किया। इस दौरान मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से उद्धव ठाकरे ने संवाद साधा और केंद्र की भाजपा सरकार की करतूतों का पर्दाफाश किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने कुछ स्थानों के नाम बदले हैं। राजभवन का ‘लोकभवन’ और पीएमओ का ‘सेवातीर्थ’ नाम रखा गया है। इस नामकरण के पीछे भाजपा एक और काम कर रही है। कुछ वर्ष पहले जनता के मोबाइल में पेगासस तकनीक डालकर भाजपा जासूसी कर रही थी। उस पेगासस का नाम बदलकर ‘संचार साथी’ किया गया है। वह ऐप देश के हर मोबाइल में डाउनलोड किया जाएगा, यानी भाजपा वाले जासूसी ही कर रहे हैं।
घटिया हरकत
शिवसेना भी वर्ष २०१९ तक भाजपा के साथ थी। जिन लोगों ने भाजपा पर विश्वास दिखाया, उन्हीं लोगों पर अब वे अविश्वास दिखा रहे हैं। लगता नहीं कि इतनी घटिया हरकत और किसी ने कभी की होगी।
बम धमाके पर नहीं बोलती
दिल्ली में हुए बम धमाके पर भाजपा नहीं बोलती। दिल्ली के बम धमाके वैâसे हुए? उसमें कितने लोग मारे गए? वह धमाका किसने किया? पहलगाम में आतंकी वैâसे घुसे? इन बातों पर भाजपा सरकार का ध्यान नहीं है, लेकिन जिन्होंने उन पर विश्वास किया, उस जनता की गतिविधियों पर उनकी पैनी नजर है।
गद्दारों का बुलबुला फूटा
भाजपा का नकाब फटा!
उद्धव ठाकरे का जोरदार हमला
शिवसेना में इस समय इनकमिंग तेजी से जारी है। रोजाना सत्ताधारी महायुति में शामिल दलों के पदाधिकारी अपने अनेक कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना में प्रवेश कर रहे हैं। कल भी शिंदे गुट के नई मुंबई के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने शिवबंधन बांधा। इस पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल शिंदे गुट, अजीत पवार गुट और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उद्धव ठाकरे ने कहा कि भटके हुए शिवसैनिक फिर से अपने घर लौटने लगे हैं, क्योंकि गद्दारों का बुलबुला अब फूट चुका है और भाजपा का भी नकाब फट गया है।
‘मातोश्री’ निवासस्थान पर उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में नई मुंबई के शिंदे गुट के सहसंपर्क प्रमुख शिरीष काशीनाथ पाटील, विभाग प्रमुख मयूर ठाकुर और संदीप सालवे ने अपने साथियों के साथ शिवसेना में प्रवेश किया। उद्धव ठाकरे ने शिवबंधन बांधकर सभी का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान शिवसेना नेता सुभाष देसाई, शिवसेना नेता राजन विचारे, विठ्ठल मोरे, जिलाप्रमुख प्रकाश पाटील और अन्य पदाधिकारी व शिवसैनिक मौजूद थे। उद्धव ठाकरे ने इस दौरान मीडिया से संवाद साधते हुए कहा कि शिवसेना में कल भी प्रवेश हुए। ठाणे के कुछ कार्यकर्ता गद्दारों के साथ गए थे, वे वापस लौट आए। आज भी कुछ लोग वापस आए हैं। संक्षेप में अब गद्दारों का बुलबुला फूट चुका है। उनके बीच अब सचमुच मारामारी और झगड़े शुरू हैं। इससे ऊबकर या उनका असली चेहरा समझकर ये लोग फिर शिवसेना में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और अजीत पवार गुट के लोग भी शिवसेना में आ रहे हैं। रोजाना पक्ष प्रवेश के कार्यक्रम हो रहे हैं, क्योंकि गली से दिल्ली तक भाजपा का नकाब फट चुका है।
महायुति में झगड़े तेज
उद्धव ठाकरे ने इस दौरान एकनाथ शिंदे गुट और महायुति सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारियों में झगड़े तेज चल रहे हैं। फंड की फिजूलखर्ची जारी है। आप एक-दो दिन के दौरे के लिए कितने कपड़े ले जाते हो? हेलिकॉप्टर में कितना सामान ले जाते हो? करते क्या हो आप? इस तरह के सवाल कर उन्होंने शिंदे गुट पर निशाना साधा।
एक-दूसरे पर डाल रहे छापे
अब शिंदे गुट के लोग एक-दूसरे पर छापे डाल रहे हैं। जिन पर छापा पड़ा, उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। लेकिन जिन्होंने छापा डाला, उन पर मामला दर्ज किया जा रहा है। यह सब बहुत गंदे तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की ऐसी तस्वीर हमें अपेक्षित नहीं थी।
