मुख्यपृष्ठनए समाचारजनता की जुबानी, मनपा अस्पतालों की कहानी... यहां भी इलाज के लिए...

जनता की जुबानी, मनपा अस्पतालों की कहानी… यहां भी इलाज के लिए तारीख पर तारीख!.. न दवा, न टेस्ट, मरीज बेहाल

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई की लाइफलाइन सिर्फ लोकल ट्रेनें नहीं, बल्कि मुंबई के मनपा अस्पताल जैसे केईएम, सायन, नायर और कूपर भी हैं, जहां रोज लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज की उम्मीद में आते हैं, लेकिन आज यह उम्मीद लाचारी में तब्दील होती हुई नजर आ रही है। मनपा अस्पतालों में लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि किसी छोटे इलाज और सर्जरी के लिए भी हफ्तों तक मरीजों को दौड़ाया जा रहा है। आलम यह है कि यहां भी कोर्ट की तरह तारीख पर तारीख ही मिल रही है।
सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर बीमारियों (जैसे वैंâसर या दिल की बीमारी) के ऑपरेशन के लिए मरीजों को कई महीनों बाद की तारीखें दी जा रही हैं, इनकी समस्या सिर्फ समय पर इलाज मिलना ही नहीं है, बल्कि तमाम ऐसी समस्याओं का सामना मरीज ओर उनके परिजनों को करना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं मरीजों के परिजन?
धारावी में रहनेवाले एक मरीज के परिजन प्रवीण सावंत ने कहा कि हम गरीब कहां जाएं? मेरे पिता के हर्निया के ऑपरेशन के लिए सायन अस्पताल ने ३ महीने बाद की तारीख दी है। दवाइयां भी बाहर से लाने को कहा गया है। अपनी मां का इलाज करवा रही गोवंडी में रहनेवाली खुशबू भारतीय ने कहा कि मशीनें हमेशा खराब ही मिलती हैं, केईएम अस्पताल में मेरी मां का एमआरआई होना था, लेकिन बताया गया कि मशीन खराब है। कांदिवली से सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पाटील ने कहा कि डॉक्टरों की गलती नहीं है, सिस्टम ही बीमार है। एक डॉक्टर अकेले २०० मरीजों को देख रहा है।
मनपा अस्पतालों में लोगों की समस्याएं
सामना संवाददाता की ग्राउंड रिपोर्टिंग के अनुसार, कई अस्पतालों में मरीजों के परिजनों को कुछ महंगी दवाइयां नहीं मिलने के कारण उन्हें बाहर से खरीदना पड़ता है। ऐसी तमाम समस्या सामने आई हैं। जब कुछ मरीजों के परिजनों से बात की गई, तो अस्पताल में मुफ्त मिलनेवाली बुनियादी दवाइयां, सिरिंज, और यहां तक कि सलाइन भी मरीजों के परिजनों को बाहर के मेडिकल स्टोर से महंगी कीमतों पर खरीदनी पड़ रही हैं। एमआरआई,सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनें अक्सर तकनीकी खराबी के कारण हफ्तों बंद रहती हैं, जिससे मरीजों को निजी सेंटरों में हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं।

अन्य समाचार