-महिलाओं ने आरोपी को पकड़कर पीटा; पुलिस ने किया गिरफ्तार
सामना संवाददाता / जलगांव
सरकारी राशन कार्ड बनवाने के लिए परेशान एक महिला की मजबूरी का कथित रूप से फायदा उठाने की कोशिश ने जलगांव में हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि राशन कार्ड जल्दी बनवाने का भरोसा देने वाले सुनील पाटील ने ३० वर्षीय महिला को तहसील कार्यालय के पास मिलने बुलाया और काम कराने के बदले उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग कर डाली।
महिला का आरोप है कि मुलाकात के दौरान सुनील पाटील ने उसके साथ अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ भी की। घटना से घबराई महिला ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार और इलाके की कुछ महिलाएं आरोपी के पास पहुंचीं तथा उससे जवाब मांगने लगीं।
महिलाओं का फूटा गुस्सा
दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने पर गुस्साई महिलाओं ने आरोपी की पिटाई कर दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की सूचना मिलते ही शहर पुलिस थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर सुनील पाटील के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
यौन शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता को राशन कार्ड बनवाना था। इसी सिलसिले में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने कथित रूप से दावा किया कि वह राशन कार्ड जल्दी बनवा सकता है। इसी भरोसे पर महिला उससे मिलने गई थी, लेकिन वहां आरोपी ने काम के बदले अनुचित मांग रख दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
यह मामला सरकारी दस्तावेज बनवाने के नाम पर जरूरतमंद महिलाओं को फंसाने और उनकी मजबूरी का लाभ उठाने की कथित कोशिश के रूप में सामने आया है। फिलहाल आरोपों की सत्यता और आरोपी की राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में वास्तविक भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।
