राजेश सरकार / प्रयागराज
करेली पुलिस और एसओजी नगर की टीम ने शहर के घनी आबादी वाले बेनीगंज मोहल्ले में एक मकान में संचालित जुए की फड़ पर देर रात छापेमारी कर 11 जुआरियों को दबोच लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखते ही कई जुआरी दीवार फांदकर और इधर-उधर कूदकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पहले से चारों ओर की गई घेराबंदी के कारण कोई भी फरार नहीं हो सका।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ से 90 हजार रुपये की नकदी तथा ताश की गड्डियां बरामद कीं। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर एसओजी नगर के सहयोग से की गई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में जुए की फड़ संचालित करने वाले मुख्य संचालक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
