मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र में पेपर लीक का बड़ा नेटवर्क...पैसे देकर सरकारी सिस्टम में घुसाए...

महाराष्ट्र में पेपर लीक का बड़ा नेटवर्क…पैसे देकर सरकारी सिस्टम में घुसाए जा रहे अपने लोग!.. रोहित पवार का बड़ा आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रोहित पवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र में कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। उनका आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए पैसे लेकर और अपनी विचारधारा से जुड़े लोगों को सरकारी व्यवस्था में पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
रोहित पवार ने सोमवार को मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में आरोप लगाया कि एफडीए के अंतर्गत होने वाली औषधि निरीक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर भी कथित तौर पर लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि इसे पूरी तरह एमपीएससी का पेपर लीक कहना सही नहीं होगा, लेकिन पेपर तैयार करने वाला व्यक्ति ही कथित तौर पर लीक हो गया था। उनके अनुसार, पेपर सेट करने वाले व्यक्ति ने पैसे लेकर परीक्षा से दो दिन पहले ही कुछ विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र में टीईटी, नीट, एसआरपीएफ, एचएससी केमिस्ट्री, जलसंधारण, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कोतवाल भर्ती, तलाठी भर्ती और महाजेनको सहित कई परीक्षाओं में पेपर लीक होने के आरोप सामने आए हैं। इन परीक्षाओं में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन कथित पेपर लीक के कारण उनकी मेहनत और भविष्य दोनों पर सवाल खड़े हो जाते हैं।
स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में सरकारी भर्ती परीक्षाओं से जुड़े कथित पेपर लीक के मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे कथित खिलवाड़ को रोका जा सके। उन्होंने एफडीए विभाग का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी महत्वपूर्ण पद पर भ्रष्ट तरीके से नियुक्त व्यक्ति पहुंचता है, तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

अन्य समाचार