अनिल मिश्र / पटना
बिहार के गया जिले में जिला मुख्यालय से 31 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कोचेश्वर महादेव मंदिर, कोंच परिसर में आगामी अंतिम सोमवार (24 अगस्त) से आयोजित होने वाले कोचेश्वर महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव को लेकर भव्य पंडाल निर्माण का कार्य जारी है। हालांकि, मंदिर के गुंबद पर उगे पौधों की अब तक सफाई नहीं किए जाने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ई. हिमांशु शेखर ने सवाल उठाया है।
इस संबंध में हिमांशु शेखर ने कहा कि महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञापन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। मंदिर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि गुंबद पर उगे पौधों को हटाने और मंदिर की सफाई के लिए उन्होंने पर्यटन विभाग के पदाधिकारी से दूरभाष पर अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले कोचेश्वर महादेव मंदिर के संरक्षण के लिए महोत्सव एक बेहतर अवसर है। मंदिर के गुंबद पर उगा पौधा भवन की संरचना के लिए भी नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए इसकी तत्काल सफाई कराई जानी चाहिए।
ई. हिमांशु शेखर ने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक अजय कुमार ने महोत्सव के आयोजन के संबंध में जिला पदाधिकारी को स्मारिका अथवा विवरणिका प्रकाशित कराने के लिए पत्र लिखा था। इसके बावजूद इस दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि महोत्सव के साथ-साथ मंदिर के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और इसके ऐतिहासिक महत्व को सामने लाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
