-आदित्य ठाकरे करेंगे नेतृत्व, भाजपा को दिखाया जाएगा ‘रेड कार्ड’
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के मैदानों और खाली भूखंडों को बचाने के लिए २३ अगस्त को बांद्रा में शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में जोरदार तिरंगा आंदोलन किया जाएगा। बांद्रा के रंगशारदा स्थित नेविल डिसूजा फुटबॉल मैदान में होनेवाले इस आंदोलन में शिवसेना के साथ अन्य राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में मुंबईकरों के शामिल होने की संभावना है। आंदोलन शाम ५ बजे होगा। इस दौरान भूखंडों की कथित बंदरबांट का विरोध करते हुए भाजपा को ‘रेड कार्ड’ दिखाया जाएगा।
खाली भूखंडों को बिल्डरों और ठेकेदार मित्रों के हवाले कर रही सरकार
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कल पत्रकार परिषद में आरोप लगाया कि मुंबई के खाली भूखंडों को बिल्डर और ठेकेदार मित्रों के हवाले करने की नीति मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के माध्यम से चलाई जा रही है। उन्होंने मुलुंड स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की जमीन पर पेट्रोल पंप का आरक्षण दिखाकर इस जमीन को भी अपने मित्रों को देने की साजिश किए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि इस जगह पर खुला मैदान और गैस पंप स्टेशन दोनों बनाए रखते हुए मैदान को बचाया जा सकता है। आदित्य ठाकरे ने दावा किया कि भाजपा ने पिछले चार वर्षों में मुंबई के करीब १८ मैदान अपने बिल्डर-ठेकेदार मित्रों के हवाले कर दिए हैं। इस पत्रकार परिषद में शिवसेना विधायक सुनील राऊत और पूर्व विधायक रमेश कोरगांवकर भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि जब हम सत्ता में थे, तब मनपा के माध्यम से अंधेरी में करीब दस वर्ष पहले छत्रपति शिवाजी महाराज खेल मैदान बनाया गया था। यहां खुला मैदान, क्रिकेट मैदान और साइकिलिंग-वॉकिंग ट्रैक मौजूद हैं। आरोप है कि अब भाजपा इस जमीन को भी अपने बिल्डर-कॉन्ट्रैक्टर मित्रों के हवाले करना चाहती है।
जब मैदान ही नहीं बचेंगे तो मैदानी खेल कहां होंगे?
आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘जेन-जी’ के विरोध में खड़ी भाजपा मुंबई की खुली जगहों को अपने बिल्डर-कॉन्ट्रैक्टर मित्रों के हवाले करने में लगी है। यदि इसी तरह मैदान गायब किए जाते रहे तो आनेवाली पीढ़ी के बच्चे खेलेंगे कहां? उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे मुंबई का मुद्दा है। इसलिए उन्होंने मुंबईकरों और अन्य राजनीतिक दलों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन में केवल तिरंगा झंडा रहेगा।
अंधेरी-जुहू के भूखंडों को हड़पेगी भाजपा
आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि अंधेरी का शहाजीराजे भोसले खेल संकुल मैदान, जुहू के दो खुले भूखंड और नेविल डिसूजा फुटबॉल मैदान की जमीन को सत्ताधारी मनपा के माध्यम से पसंदीदा ठेकेदारों के हवाले करने की कोशिश की जा रही है।
