यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों के मद्देनजर भारत सरकार ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी में रह रहे भारतीयों को स्थानीय कानूनों और नियमों का पूरी तरह से पालन करने की हिदायत दी है।
हाल ही में सऊदी नागरिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, मिसाइल या ड्रोन हमलों, उनके रोके जाने (इंटरसेप्शन) की कार्रवाई अथवा किसी भी प्रभावित स्थल की तस्वीरें, वीडियो या उससे जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करना कानूनी अपराध है। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इसके साथ ही, क्षेत्र में सुरक्षा तनाव और उड़ानों के प्रभावित होने के कारण कई सेवाएं निलंबित की गई हैं। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद व दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर तक, जबकि जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित रहेंगी। हालांकि, जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और स्थानीय नियंत्रण कक्ष प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय हैं और उन्हें भोजन, दवाइयां व आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उड़ानें रद्द होने के कारण वीजा की वैधता और प्रस्थान में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए भारतीय दूतावास सऊदी अरब के संबंधित मंत्रालयों के संपर्क में है। दूसरी ओर, सुरक्षा एजेंसियों ने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
