मुख्यपृष्ठनए समाचारभायंदर में देर रात इमारत का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

भायंदर में देर रात इमारत का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

– मनपा के ‘स्ट्रक्चरल ऑडिट’ पर उठे गंभीर सवाल
-दिन में घटना होती तो मच सकती थी तबाही

सुरेश गोलानी / मुंबई

भायंदर-पूर्व के बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाले नवघर रोड इलाके में स्थित दो मंजिला देवकी अपार्टमेंट का एक बड़ा हिस्सा देर रात अचानक ढह गया। यह हादसा रात के करीब तीन बजे हुआ। गनीमत यह रही कि उस समय पूरी सड़क और परिसर सुनसान था, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई और एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही घटना दिन के समय हुई होती, तो इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में भारी तबाही मच सकती थी और कई जानें जा सकती थीं।
चश्मदीदों के मुताबिक, रात तीन बजे अचानक किसी बड़े धमाके जैसी आवाज हुई। जब तक आसपास की सोसायटियों के लोग कुछ समझ पाते, देवकी अपार्टमेंट की इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे सड़क पर गिर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही मीरा-भायंदर मनपा के दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे ने सीधे तौर पर मनपा के दावों और उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मनपा हर साल खतरनाक और जर्जर इमारतों को स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का नोटिस देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है। सूत्रों के अनुसार ३० वर्ष से अधिक पुरानी देवकी अपार्टमेंट का भी स्ट्रक्चरल ऑडिट हो चुका था।
‘चमकेशगीरी’ करने पहुंचे भाजपा नेता पर भड़के लोग
इस हादसे के काफी समय बाद जब भाजपा नेता प्रियेश शाह घटना स्थल पर पहुंचे, तो उन्हें स्थानीय नागरिकों के भारी विरोध और तीखे आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहत कार्य देखने और मीडिया के वैâमरों के सामने ‘चमकेशगीरी’ करने के लिए भाजपा नेता वहां पहुंचे, तो उपस्थित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने कहा, ‘जब रात तीन बजे हादसा हुआ और लोग डर के साए में अपनों की सुरक्षा के लिए भाग रहे थे, तब कोई जनप्रतिनिधि सुध लेने नहीं आया, अब केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए चले आए’।

अन्य समाचार