मुख्यपृष्ठनए समाचारधारावी में मतदाता सूची में बवाल!

धारावी में मतदाता सूची में बवाल!

-२४ आवेदन देने वाले शख्स पर एफआईआर

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के धारावी में मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए गलत जानकारी के आधार पर २४ आवेदन दाखिल करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान इस तरह की कार्रवाई का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इस घटना ने मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। धारावी निवासी गिरधारी स्वामीनाथ जायसवाल पर एक ही दिन में फॉर्म-७ के २४ आवेदन दाखिल करने का आरोप है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार, एक व्यक्ति प्रतिदिन अधिकतम १० ऐसे आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची से किसी का नाम हटाने की मांग के लिए फॉर्म-७ का इस्तेमाल किया जाता है।
धारावी की कांग्रेस विधायक ज्योति गायकवाड़ की शिकायत के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई शुरू की। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भी महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम से मुलाकात कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कुछ इलाकों में जाति, समुदाय और धर्म के आधार पर मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी आवेदन में जानबूझकर गलत जानकारी दी गई है, तो जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, १९५० की धारा ३१ के तहत कार्रवाई की जा सकती है। महाराष्ट्र में फॉर्म-७ के जरिए ५० हजार से अधिक आवेदन प्राप्त होने की खबर है।

अन्य समाचार