फिरोज खान
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने और देश छोड़कर नेपाल भागने की साजिश रची थी, लेकिन सूरत से दिल्ली जाने वाली बस छूटने के कारण उनका पूरा प्लान बिगड़ गया। इसके बाद आरोपियों ने भागने का रास्ता बदला, आखिरकार तीनों को राजस्थान के कोटा में ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। टाइगर श्रॉफ पर १८ अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हुए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को चकमा देने के लिए बार-बार अपने परिवहन के साधन बदले। आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल, फिर लोकल ट्रेन और टैक्सी का सहारा लिया। इसके बाद वे सूरत पहुंचे, जहां से दिल्ली जाने वाली बस पकड़कर नेपाल भागने की योजना थी। हालांकि, बस छूट जाने के बाद आरोपियों ने वैकल्पिक रास्ता अपनाया। जांच के अनुसार, उन्होंने सूरत रेलवे स्टेशन से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस पकड़ी। पुलिस का दावा है कि ट्रेन में तलाशी के दौरान हथियार मिलने के डर से आरोपियों ने फायरिंग में इस्तेमाल किए गए दो हथियार और कारतूस सूरत बस स्टैंड के पास एक खुली जगह पर छिपा दिए थे।
मुंबई में हाई-प्रोफाइल हस्तियों की सुरक्षा, गैंगस्टरों की गतिविधियों और अपराधियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर निगरानी को लेकर पुलिस सख्त कदम उठा नहीं पा रही है। पुलिस पहले से हाईटेक होने के बावजूद हमले से पहले हमलावरों की साजिश नाकाम करने में विफल है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। वारदात के पीछे के सूत्रधार, हथियार मुहैया कराने वालों और आर्थिक मदद करने वालों तक पहुंचना भी जरूरी है।
